BJP नेताओं ने मैनपाट में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
07-Jul-2025 1:23:18 pm
1063
सरगुजा। मैनपाट में आयोजित भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर से पहले पार्टी नेताओं ने बायोडायवर्सिटी पार्क में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों ने आज मैनपाट पहुंचने के बाद सामूहिक रूप से पौधारोपण किया।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री सहित कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही। बता दें कि भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन मैनपाट के तिब्बती मॉनिस्ट्री हॉल में किया जा रहा है।
शिविर का उद्घाटन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा किया जाएगा। वे आज दोपहर दरिमा हवाई पट्टी पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से मैनपाट आएंगे। प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित राष्ट्रीय संगठन मंत्री विनोद तावड़े और बी. सतीश प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहेंगे। भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित सभी कैबिनेट और राज्यमंत्री, विधायक, सांसदों के शामिल होने को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं।