चुरू में जगुआर फाइटर जेट क्रैश, दो लोगों की मौत
09-Jul-2025 2:56:37 pm
1268
- घटनास्थल पर मलबा बिखरा
जयपुर। राजस्थान के चुरू में भारतीय वायु सेना का जगुआर फाइटर जेट क्रैश हो गया है। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है। मौके पर फाइटर जेट जैसा मलबा बिखरा पड़ा है। चुरू एसपी जय यादव ने बताया कि राजलदेसर थाना क्षेत्र के गांव भाणूदा में प्लेन क्रैश हुआ है। इसमें दो लोगों की मौत हुई है। मौके पर राजलदेसर पुलिस को भेजा गया हैं। मलबे के पास से बुरी तरह क्षत-विक्षत शव के टुकड़े मिले हैं।
चुरू के रतनगढ़ में यह हादसा हुआ है। बुधवार दोपहर तेज आवाज के साथ लोगों ने जलते हुए मलबे जमीन पर बिखरे हुए पाए। खेतों में दूर तक विमान का मलबा बिखर गया। स्थानीय लोगों ने दो शवों को देखा। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। मलबे से दो शव बरामद किए गए हैं।
क्या है जगुआर की खासियत
यह ब्रिटिश-फ्रेंच सुपरसोनिक जेट अटैक एयरक्राफ्ट है। यह ग्राउंड अटैक और एंटी शिप मिशन में प्रयोग होने वाला सटीक स्ट्राइक विमान है। 36 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ने भरने में सक्षम है। डेढ़ मिनट में 30 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंच सकता है। इसके साथ ही 600 मीटर के छोटे रनवे से भी टेकऑफ या लैंडिंग कर सकता है।